छत्तीसगढ़

बालोद में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत..

एक का पैर 50 मीटर दूर जा गिरा, दूसरे का हाथ शरीर से अलग; हादसे से इलाके में सनसनी

बालोद। जिले में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव में तेज रफ्तार कार (CG 04 QB 5621) और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और मुड़खुसरा निवासी नरेंद्र भुआर्या (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बाइक से डौंडीलोहारा जा रहे थे, तभी राजनांदगांव की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद भीषण थी। हादसे में तरुण का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि राहुल का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। नरेंद्र को भी गंभीर चोटें आईं। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल ने अस्पताल में तड़पते हुए दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। शनिवार सुबह ग्रामीणों को राहुल का कटा हुआ पैर पैरावट में मिला। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

डौंडीलोहारा टीआई सुनील तिर्की ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। नशे की स्थिति को लेकर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Back to top button