छत्तीसगढ़

रायपुर: 2 सालियों की हत्या के बाद दुकान में मचाया आतंक, फायरिंग के बाद आरोपी का नया वीडियो सामने, CCTV वायरल..

रायपुर। मोवा इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस में अब नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और भी भयावह बना दिया है।

बीते 5 मई को पंडरी थाना क्षेत्र में आरोपी जितेंद्र वर्मा ने अपनी ही दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अब वायरल हो रहे CCTV फुटेज में आरोपी वारदात के बाद पिस्टल लेकर एक मेडिकल स्टोर में घुसता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह दुकान संचालक पर पिस्टल तानकर डराने की कोशिश करता नजर आ रहा है। हालांकि आरोपी बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वहां से निकल जाता है।

घटना के बाद मेडिकल स्टोर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां आसपास की दुकानों में काम करती थीं और घटना के समय घर पर मौजूद थीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button