छत्तीसगढ़

नकाबपोशों की गुंडागर्दी CCTV में कैद, आधी रात परिवार पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से पीटा,युवक समेत 5 घायल..

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात 20 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार पर हमला कर सनसनी फैला दी। लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की, जिसमें एक युवक समेत चार महिलाएं घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल युवक को रायपुर रेफर किया गया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि मामूली विवाद ने खूनी झड़प का रूप ले लिया। घायल सनत सारथी के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर विक्की अहिरवार अपने साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज के बाद हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं को भी नहीं छोड़ा गया।

हमले में सनत सारथी, रेखा सारथी, बेदू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और मोहल्ले में अफरा-तफरी मचा दी।

घर के सामने पेशाब करने से रोकना पड़ा भारी
स्थानीय लोगों के अनुसार दो दिन पहले घर के सामने पेशाब करने से रोकने पर विवाद हुआ था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने प्लानिंग के तहत हमला किया।

CCTV में कैद हुई गुंडागर्दी
वायरल CCTV वीडियो में 20 से ज्यादा नकाबपोश युवक लाठी-डंडों के साथ हमला करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने दर्ज किया केस
सरकंडा पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button