छत्तीसगढ़

47 नक्सलियों का सामूहिक सरेंडर, बस्तर DVC को बड़ा झटका..

जगदलपुर। नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। तेलंगाना में 47 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इस सामूहिक सरेंडर को दक्षिण बस्तर डिवीजनल कमेटी (DVC) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिससे संगठन लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।

इस सरेंडर की अगुवाई दो बड़े नक्सली नेताओं—हेमला आयथु उर्फ विज्जा और पोडियम लाचू उर्फ मनोज—ने की। समर्पण करने वालों में एक SCM स्तर का नेता, 3 DVCM/CyPCM सदस्य, 24 ACM/PPCM कैडर और 19 अन्य सदस्य शामिल हैं।

नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के दौरान भारी मात्रा में हथियार भी सौंपे हैं। पुलिस को एक LMG, 4 AK-47, 3 SLR, 2 INSAS राइफल, 12 सिंगल शॉट गन, 2 पिस्टल/रिवॉल्वर, 2 BGL गन और 515 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा 100 किलो कोर्डटेक्स वायर भी जब्त किया गया है।

सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। जानकारी के अनुसार, इस सरेंडर पर करीब 1.5 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जाएगी, वहीं छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की राहत दी गई है।

तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक 260 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि अब केवल कुछ ही सक्रिय उग्रवादी शेष बचे हैं।

इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी स्पष्ट किया है कि बस्तर में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है और जो हथियार उठाएगा, उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।

Leave a Reply

Back to top button