छत्तीसगढ़

CG- पुलिसकर्मी की दबंगई, फरियादी को जड़े 20 थप्पड़, ASI निलंबित..

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फरियादी को अपनी शिकायत की जांच रिपोर्ट जल्दी देने की बात कहना भारी पड़ गया।

पीड़ित विनोद जायसवाल निवासी बनियापारा रतनपुर अपने पूर्व में लगाए गए परिवाद की जानकारी लेने के लिए 12 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच थाना रतनपुर पहुंचे थे। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने अपने परिवाद की प्रगति और उसे न्यायालय में प्रेषित न किए जाने को लेकर जानकारी मांगी, जिस पर एएसआई दिनेश तिवारी नाराज हो गए।

इस पर एएसआई दिनेश तिवारी भड़क गए और कथित तौर पर फरियादी के साथ गाली-गलौज करते हुए 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए। पीड़ित ने मारपीट के बाद सिर दर्द और सुनने में दिक्कत की शिकायत भी की है। घटना के समय थाना परिसर में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अंशिका जैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया। एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।

खास बात यह है कि जिस थाने में एएसआई तिवारी पदस्थ थे, उसी थाने में अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कहा है कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी तरह की लापरवाही या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button