छत्तीसगढ़

निवेश के नाम पर धोखा, छत्तीसगढ़ में ठगी गिरोह का खुलासा..

जशपुर नेटवर्क कंपनी के नाम पर ग्रामीणों से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। hedgexfund (हेडजेक्सफंड) नामक नेटवर्क के जरिए लोगों को रुपए दोगुने करने का लालच दिया गया और लाखों रुपए की ठगी की गई। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना बगीचा क्षेत्र की निवासी उर्मिला बाई की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों ने गांव-गांव जाकर लोगों को यह भरोसा दिलाया कि उनकी कंपनी में निवेश करने पर 3 महीने में पैसा दोगुना हो जाएगा। इस झांसे में आकर कई ग्रामीणों ने अपनी मेहनत की कमाई निवेश कर दी।

जांच में सामने आया कि पीड़ितों से नकद और ऑनलाइन माध्यम (फोनपे आदि) से रकमली गई। बदले में उन्हें एक डिजिटल वॉलेट आईडी दी गई, जिसमें रकम डॉलर में दिखती थी। कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया, तब जाकर लोगों को ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह शामिल हैं। पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक Toyota Tigor कार भी जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए और भी कई लोगों से ठगी होने की आशंका है, इसलिए जांच जारी है और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की ठगी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button