बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में एक रेलकर्मी के साथ ही दूसरे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि, बाइक के पीछे बैठे युवक की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
बिलासपुर के कोटा रोड स्थित जूनाशहर के पास दो बाइक सवार तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल तीसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक़, टक्कर के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



