राज्य

कांग्रेस की सरकार धोखेबाज, इसे बदलना होगा : शेखावत

जयपुर.

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार धोखेबाज है। इसने किसानों और युवकों सहित समाज के हर वर्ग से धोखा किया है। इस बार इस सरकार को बदलना ही होगा। शेखावत शुक्रवार को किशनगढ़ में भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी की नामांकन रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि चुनावी युद्ध का शंखनाद हो चुका है। दोनों तरफ की सेनाएं सज चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस ने युवओं को झूठ का आईना दिखाया। कांग्रेस छल और फरेब करके सत्ता में आई। इस सरकार ने किसानों के साथ कर्जमाफी का वादा किया था। वह नहीं हुई, उल्टे हजारों किसानों की जमीन नीलाम हुई। राजस्थान का किसान स्वाभिमानी है, लेकिन कांग्रेस सरकार के धोखे से किसान आहत हुआ और हजारों किसानों ने आत्महत्या की। शेखावत ने कहा कि सरकार ने किसानों के साथ युवाओं से भी अन्याय किया। एक के बाद एक पेपर लीक हुए। इस सरकार ने सत्तर लाख युवाओं के सपनों को तोड़ा। उनके सपनों के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान महिलाओं के त्याग, मीरा की भक्ति और कर्माबाई के खीचड़ें से थी, लेकिन इस पहचान पर गहलोत सरकार ने कालिख पोतने का काम किया है। शेखावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इसे बलात्कार की राजधानी बना दिया। सरकार की उदासीनता के चलते पिछले पांच साल में दो लाख महिलाओं से दुराचार की घटनाएं हुई हैं। हमें इन चुनावों में इस महिला अत्याचार का बदला लेना है।

Leave a Reply

Back to top button