रायपुर। बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में EOW ने सोमवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ 8वां पूरक चालान पेश किया है। 3800 पन्नो के चालान में चैतन्य को 200 से 250 करोड़ रुपये मिलने का खुलासा हुआ है। एजेंसी का कहना है कि, सौम्या चौरसिया, अरुणपति त्रिपाठी, अनिल टुटेजा,अनवर ढेबर की व्हाट्सऐप चैट से यह खुलासा हुआ है।
चैतन्य ने किया एक हजार करोड़ रुपए मैनेज
ईडी द्वारा कोर्ट में पेश चालान के मुताबिक, चैतन्य बघेल ने शराब घोटाले से प्राप्त 1000 करोड़ रुपए को व्यक्तिगत रूप से प्रबंधन किया। उन्होंने जानबूझकर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपराध की आय को छिपाने, रखने, प्राप्त करने और उपयोग करने में सहायता की। ईडी ने कारोबारी लक्ष्मी नारायण बंसल के बयान का हवाला देते हुए दावा किया है कि लक्ष्मी नारायण ने चैतन्य के साथ मिलकर शराब घोटाले से प्राप्त रकम का प्रबंधन किया।
रियल एस्टेट में 28.90 करोड़ रुपए निवेश
चालान में उल्लेख किया गया है कि, चैतन्य बघेल ने शराब घोटाले से प्राप्त रकम में से 18.90 करोड़ रुपए की राशि रियल एस्टेट में निवेश किया। चालान में 10 करोड़ रुपए कैश में निवेश करने का उल्लेख है। ईडी ने उक्त आरोप चैतन्य के सीए, सलाहकार इंजीनियर से जब्त डिजिटल एविडेंस तथा साइट में काम करने वाले इंजीनियरों के बयान के आधार पर लगाया है।



