छत्तीसगढ़

रायपुर अटल नगर में नई तहसील का ऐलान, अधिसूचना जारी..आमजन से 60 दिनों में मंगाई दावा-आपत्ति..

रायपुर। नई तहसील के गठन की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रायपुर जिले में एक और तहसील अस्तित्व में आने वाली है। नवा रायपुर के आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर नई तहसील प्रस्तावित की है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर 60 दिनों में दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। इस अवधि के बाद दावा-आपत्ति का निराकरण कर तहसील क्षेत्र को अधिसूचित किया जाएगा।

39 गांवों होंगे शामिल

प्रस्तावित नई तहसील में कुल 6 राजस्व निरीक्षक मंडलों के अंतर्गत 20 पटवारी हल्कों के 39 गांव शामिल होंगे। इनमें पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेडी और रायपुर-18 कांदुल क्षेत्र के गांव शामिल हैं।

नई तहसील की सीमाओं के संबंध में अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि अटलनगर तहसील में उत्तर के क्षेत्र की सीमा मंदिर हसौद, दक्षिण में अभनपुर, पूर्व में गोबरा नवापारा और पश्चिम में रायपुर तहसील तक शामिल होगा।

राज्य सरकार का यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। नई तहसील के गठन से स्थानीय लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ जल्दी और सहज रूप में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button