आंध्र प्रदेश। अल्लूरी सीताराम राजू जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। चिंतूर इलाके में एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही 9 लोगों ने दम तोड़ दिया। और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। 
कैसे हुई दुर्घटना
चित्तूर जिले से 37 लोगों का एक समूह तीर्थयात्रा पर निकला था। दर्शन करने के बाद बस भद्राचलम से अन्नावरम जा रही थी। रात के समय चिंतुरु–मारेदुमिल्ली घाट रोड पर चलते हुए बस एक तेज मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने के कारण सुरक्षा दीवार से टकराई और खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। 
राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्थानीय निवासियों की मदद से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। गहरी खाई में गिरे होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राहत दल ने रस्सियों की मदद से शवों को बाहर निकाला और घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुँचाया। दुर्घटना में मारे गए यात्रियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके परिजनों को सूचित किया जा सके। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे प्राथमिक रूप से तेज रफ्तार और घाट सेक्शन में मोड़ पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



