छत्तीसगढ़

लालकिला के पास धमाका, अब तक 12 लोगों की मौत, PM मोदी बोले- दोषियों को बख्शे नहीं जाएंगे..

नई दिल्ली। लाल किले के पास बीते सोमवार (10 नवंबर 2025) को कार ब्लास्ट को लेकर सभी सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। घटना की एक-एक कड़ी को जोड़ा जा रहा है, जिससे पूरा मामला स्पष्ट हो सके। इस बीच ब्लास्ट वाली हुंडई आई20 कार का पूरा रूट मैप सामने आया है कि वह लाल किले तक कैसे पहुंची।

6 बजकर 52 मिनट पर हुआ ब्लास्ट

यह कार शाम 6 बजकर 52 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास ट्रैफिक सिग्नल पर पहुंची। इसी दौरान कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एफएसएल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची।

धमाके में तकरीबन बारह लोगों की जान चली गई। इस हादसे में जिन लोगों की जानें गई हैं, उनके परिवारों में मातम का माहौल पसरा हुआ है। सोमवार शाम को लाल किले के पास हुए इस धमाके ने राजधानी दिल्ली सहित पूरे देश को हिलाकर रख दिया। सवाल यह उठता है कि, जब देश की राजधानी दिल्ली में ऐसे हादसे हो रहे हैं, तो अन्य राज्यों की सुरक्षा स्थिति का क्या हाल होगा? इस सवाल ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

पीएम मोदी का बड़ा बयान

वहीं, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुःखद घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। भूटान में अपने भाषण के दौरान उन्होंने इस घटना में संलिप्त अपराधियों और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा जताया। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा कि, “इस दर्दनाक घटना के ज़िम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”

Leave a Reply

Back to top button