छत्तीसगढ़

CG- गर्मी और लू से अब तक 15 लोगों की मौत.. रायपुर, दुर्ग सहित इन जिलों में बारिश के आसार..

रायपुर। रविवार को नौतपा के आखिरी दिन मौसम बदल गया। जगदलपुर, दुर्ग और सरगुजा के कोरिया जिले में बारिश हुई, तो रायपुर और आसपास के जिलों में तेज अंधड़ और बादल से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। रात का तापमान पिछले 8 दिनों के मुकाबले कम रहा। प्रदेश में गर्मी और लू से अब तक 15 जानें जा चुकी है।

आज यहां बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर, बलौदा बाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर जिले में हल्की बारिश के आसार हैं। प्रदेश में पश्चिम भारत से गर्म हवा आ रही है। तेज गर्मी के कारण स्थानीय प्रभाव से कहीं-कहीं कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे बारिश के हालात भी बनने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन राज्य के कई हिस्सों में बादल और बारिश के हालात रहेंगे। कुछ जगह बौछारें भी पड़ेंगी।

पिछले 24 घंटे के दौरान ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के दौरान जगदलपुर, नारायणपुर, मैनपाट, रायगढ़ और पुसौर में बारिश हुई। पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में भी कहीं-कहीं पर बौछारें पड़ीं। अन्य जगहों पर भी हल्की बूंदाबांदी हुई। रविवार को दोपहर में जगदलपुर में करीब नौ मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।प्रदेश में सभी जगहों पर नमी की मात्रा बढ़ गई है। इस वजह से दिन का तापमान भी कम होने लगा है।

रायपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.6 डिग्री ज्यादा है। बिलासपुर में 42.4, पेंड्रारोड और अंबिकापुर में करीब 41 डिग्री और अन्य जगहों पर यह 40 डिग्री के आसपास है।

बिलासपुर संभाग में अब तक 10 मौतें

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नौतपा के आखिरी दिन भी भीषण गर्मी रही। इस दौरान हीटवेव से 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं संभाग में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। कई जगहों पर बारिश के चलते पिछले 3 दिन में जिले में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है, फिर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई।

दुर्ग में बारिश से गर्मी से मिली राहत

दुर्ग जिले में रविवार दोपहर तेज आंधी के साथ हुई आधे घंटे की बारिश ने मौसम ठंडा किया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहींं, बिजली विभाग की अव्यवस्था की पोल खोल दी। तेज आंधी के चलते शहर के सबसे पॉश इलाके में पेड़ गिरने से एक साथ 7 बिजली के खंबे गिर गए, जिससे वहां लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

12 से 13 जून को मानसून पहुंचेगा

दक्षिण पश्चिम मानसून रविवार से पूरे केरल में सक्रिय हो गया है। बस्तर में 12-13 जून के आसपास दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसून दाखिल हो जाएगा। अगले चार-पांच दिन बस्तर में बारिश होने की संभावना है। रायपुर में मानसून 12 से 15 जून के बीच पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Back to top button