जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय में बुधवार को बिजली संकट, बढ़ती बिजली दरों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केरा रोड स्थित विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भेंट कीं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ती बिजली दरों, अघोषित बिजली कटौती और महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है।
कांग्रेस का कहना है कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें पहले ही लोगों की जेब पर भारी पड़ रही हैं। ऐसे में बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि ने किसानों, मजदूरों, गरीबों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बिजली दर वृद्धि वापस लेने और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख कोयला और बिजली उत्पादक राज्यों में शामिल है, इसके बावजूद यहां की जनता को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में लगातार बिजली दरें बढ़ाकर उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डाला गया है।



