रायपुर। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज 10 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर मतदान जारी है। पहले जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर भी आज ही मतदान होना था, लेकिन अब यहां 25 मई को मतदान होगा। आज गुजरात की सबसे ज्यादा 25 तो दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।
कुल 93 सीट के लिए 1300 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 120 महिलाएं हैं, जबकि पात्र मतदाताओं की संख्या 11 करोड़ से अधिक है। मंगलवार को हो रहे मतदान में दिग्गज उम्मीदवारों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (गांधीनगर), ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), मनसुख मांडविया (पोरबंदर), पुरुषोत्तम रूपाला (राजकोट), प्रह्लाद जोशी (धारवाड़) और एसपी सिंह बघेल (आगरा) शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में अहमदाबाद के निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में मतदान किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अहमदाबाद से भाजपा के उम्मीदवार हैं। शाह के सामने कांग्रेस की सोनल पटेल मैदान में हैं। अमित शाह ने 2019 में भी अहमदाबाद से जीत दर्ज की थी।
आज असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, गोवा की 2, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, मध्य प्रदेश की 9, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, पश्चिम बंगाल की 4 और दादर नगर हवेली और दमन एवं द्वीप की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।



