छत्तीसगढ़

क्रेशर प्लांट की खदान में युवक की लाश मिलने से सनसनी..

कवर्धा। जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह एक क्रेशर प्लांट की करीब 100 फीट गहरी खदान में युवक का शव उसकी बाइक सहित मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गैरमाटी गांव निवासी दीपक तिवारी के रूप में हुई है, जो बीते दो दिनों से लापता बताया जा रहा था।

परिजनों के मुताबिक दीपक 21 मई की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। लगातार तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच शनिवार को खदान में शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जहां युवक की बाइक और शव एक साथ पड़े मिले।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सड़क हादसे से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खदान में जा गिरी होगी। हालांकि पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Back to top button