रायपुर
भारतीय जनता पार्टी ने खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति ने उप चुनाव के लिए पूर्व विधायक काेमल जंघेल को टिकट दिया है। कोमल पहले भी दो बार खैरागढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के देवव्रत सिंह ने इस सीट पर भाजपा के कोमल जंघेल को केवल 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन हो गया। इसके बाद से यह सीट खाली है। 2013 में कांग्रेस के गिरवर जंघेल यहां से विधायक थे। 2007 के उपचुनाव और 2008 के आम चुनाव में भाजपा के कोमल जंघेल ने यह सीट जीती। इससे पहले कांग्रेस के देवव्रत सिंह यहां से विधायक हुआ करते थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने बुधवार को कोमल जंघेल को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा कर दी।