मुंबई
Nvidia CEO जेनसन हुआंग के अफेयर की खबरें सामने आने के बाद कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है. मंगलवार को एनवीडिया के शेयर 6% से ज्यादा टूट गए, जबकि इससे पहले सोमवार को भी इनमें 4.3% की गिरावट आई थी. महज दो कारोबारी सेशन में कंपनी की मार्केट कैप से करीब 470 अरब डॉलर कम हो गए. शेयरों में इस बड़ी गिरावट के बीच माइक्रोसॉफ्ट ने बाजी मार ली और एनवीडिया को पीछे छोड़कर दुनिया की दूसरी सबसे वैल्युएबल कंपनी बन गई।
दरअसल, अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जेनसन हुआंग के एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों ने चीन में एनवीडिया के चिप्स की सप्लाई को आसान बनाने में भूमिका निभाई. एलिस पर चीन के लिए जासूसी करने के आरोप भी लगे हैं. इस पूरे मामले ने एनवीडिया की कारोबारी साख, अमेरिकी निर्यात नियमों के पालन और कंपनी के नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
माइक्रोसॉफ्ट कैसे निकली एनवीडिया से आगे?
Nvidia के शेयरों में लगातार गिरावट का सीधा फायदा माइक्रोसॉफ्ट को मिला है. मंगलवार को माइक्रोसॉफ्ट के शेयर करीब 0.4% गिरकर 543.25 डॉलर पर कारोबार कर रहे थे. इसके बावजूद कंपनी का मार्केट कैप एनवीडिया से ज्यादा हो गया. वहीं, एनवीडिया के शेयर 6% से ज्यादा गिरकर करीब 167.11 डॉलर पर पहुंच गए. इस बदलाव के साथ माइक्रोसॉफ्ट जून 2025 के बाद पहली बार एनवीडिया को पछाड़कर दुनिया की दूसरी सबसे वैल्युएबल कंपनी बन गई है।
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल निवेशकों की चिंता सिर्फ CEO से जुड़े विवाद तक सीमित नहीं है. उन्हें यह भी डर है कि अगर इस मामले में अमेरिकी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है, तो एनवीडिया के कारोबार पर और प्रतिबंध लग सकते हैं। .
7.5 अरब डॉलर के चिप्स की सप्लाई का क्या है मामला?
अमेरिकी मीडिया संस्थान द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के संबंधों से चीन में करीब 7.5 अरब डॉलर के एनवीडिया चिप्स की सप्लाई को मदद मिली. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि एलिस हुआंग और उनके परिवार ने चीन और सिंगापुर में कई कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया था. गौर करने वाली बात है कि एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच कोई फैमिली रिलेशन नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस नेटवर्क में शंघाई सेंचुरी लिटोंग नाम की कंपनी की अहम भूमिका थी. इस कंपनी को 2023 में एनवीडिया का प्रेफर्ड क्लाउड पार्टनर बनाया गया था. इसके चलते उसे कंपनी के चिप्स की सप्लाई में प्राथमिकता मिलती थी।
रिपोर्ट में दावा है कि जब अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के कारण चीन में कुछ खास एनवीडिया चिप्स के ऑर्डर अटकने लगे, तब एलिस हुआंग ने कंपनी और उसके डिस्ट्रीब्यूटर्स से अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर सप्लाई हासिल की. रिपोर्ट के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए करीब 2.40 लाख H100, H200 और कुछ A100 चिप्स चीन पहुंचाए गए. इनमें से कुछ चिप्स की चीन को बिक्री पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू थे. इन चिप्स का इस्तेमाल अलीबाबा, टेनसेंट और चीन की छोटी AI कंपनियों ने भी किया।
एनवीडिया ने शुरू की जांच
इस विवाद के सामने आने के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने रविवार को इंटरनल जांच शुरू कर दी. वहीं, अमेरिकी जांच एजेंसी FBI इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या जेनसन हुआंग को किसी विदेशी खुफिया एजेंसी ने निशाना बनाया था. रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों से बातचीत में अपनी पत्नी को धोखा देने की बात स्वीकार की है. हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की. इस मामले में एनवीडिया के अलावा अलीबाबा, टेनसेंट और संबंधित कंपनियों की ओर से तत्काल कोई ऑफिशियल रिस्पांस सामने नहीं आई है।
क्या एनवीडिया के कारोबार पर पड़ेगा असर?
Nvidia के लिए यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कारोबार में तेजी से निवेश हो रहा है. कंपनी के चिप्स का इस्तेमाल AI मॉडल तैयार करने और बड़े डेटा सेंटर चलाने में किया जाता है।
बैंक ऑफ अमेरिका के एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल यह देखना जरूरी है कि विवाद सिर्फ एनवीडिया तक सीमित रहता है या इससे पूरे AI इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर पर असर पड़ता है. एक्सपर्ट्स ने यह भी कहा है कि केवल आरोपों को कंपनी के कारोबार को हुए नुकसान का सबूत नहीं माना जा सकता. हालांकि, अगर जांच में अमेरिकी निर्यात नियमों के उल्लंघन से जुड़े गंभीर तथ्य सामने आते हैं, तो कंपनी को आगे मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।



