छत्तीसगढ़

CG Breaking: SBI में 93.60 लाख रुपये का गबन, बाल्को शाखा का तत्कालीन मुख्य प्रबंधक गिरफ्तार..

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा में हुए 93 लाख 60 हजार 797 रुपये के कथित गबन के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने छह साल पुराने मामले में तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया है। आरोपी को छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।

पत्नी और ड्राइवर के खातों में ट्रांसफर की थी रकम

ACB/EOW से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार झा एक जून 2018 से एक अगस्त 2019 तक SBI की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। आरोप है कि इस दौरान उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के विभिन्न खातों से 93,60,797 रुपये अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में अवैधानिक रूप से ट्रांसफर किए।

2020 में दर्ज हुई थी शिकायत

इस मामले में SBI के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में EOW/ACB मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 409 के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त

विवेचना के दौरान जांच एजेंसी ने बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते के स्टेटमेंट जब्त किए। इसके अलावा संबंधित खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए।

दस्तावेजों की जांच में कथित तौर पर बैंक के बीजीएल खातों से राशि डेबिट कर अन्य खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। जांच एजेंसी के मुताबिक, संबंधित वाउचर आरोपी द्वारा तैयार किए गए थे।

भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी की धाराएं भी जोड़ी गईं

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)ए और 13(2) के साथ भारतीय दंड विधान की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गई हैं।

झारखंड के दुमका से हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही ACB बिलासपुर की टीम ने 35 वर्षीय सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी, रसीकपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे दुमका न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया और छत्तीसगढ़ लाया गया।

कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल ACB/EOW मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

2

Back to top button