छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण और संवर्धन का CM साय ने किया आह्वान..

रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है। इसमें हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और छत्तीसगढ़ की आत्मीयता समाहित है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों में छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और अपनापन झलकता है। यह भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।

नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए।

संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर सभी अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा उसके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनाए रखा जा सकता है।

Leave a Reply

2

Back to top button