राज्य

हरियाणा में गन्ने के 600 रुपये भाव पर अड़े किसान, CM आवास पर होगी महापंचायत

यमुना नगर.

गन्ने के दाम में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान संगठनों ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में चल रहे धरने पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित नहीं किया जाता, तब तक किसान पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने तक प्रदेश की किसी भी शुगर मिल को गन्ने की सप्लाई नहीं होने दी जाएगी। दूसरी ओर, जिला सचिवालय के सामने संयुक्त किसान मोर्चा ने भी धरना प्रदर्शन किया और बाद में उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन सौंपा। भाकियू (टिकैत गुट) के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने सरकार को एक दिसंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तब तक गन्ने के रेट नहीं बढ़ाए गए, तो दो दिसंबर को कुरुक्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश भर के किसान एकत्रित होकर घेराव करेंगे।

प्रदेश की किसी भी मिल में नहीं होने दिया जाएगा गन्ना सप्लाई: चढ़ूनी
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि पिछले छह साल से गन्ने का रेट बहुत ही कम बढ़ा है। गन्ने की हालत यह हो गई है कि किसी शुगर मिल पर दो माह तो किसी पर तीन माह का ही गन्ना है। चार माह का गन्ना किसी भी मिल के पास नहीं है। अब यह मिलें भी बंद होने के कगार पर हैं। अब की बार चीनी के भाव व फसल पर आने वाले खर्च से तुलना करें तो गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल बनता है। प्रति क्विंटल गन्ना तैयार करने में 450 रुपये खर्च आ रहा है। मशीनरी व ट्यूबवेलों का खर्च अलग है। गन्ने की फसल कम व धान की अधिकता होने से भी किसानों की परेशानी बढ़ जाती है। चढ़ूनी ने कहा कि जल्द ही पंजाब सरकार गन्ने का रेट घोषित करेगी। वहां का रेट निश्चित तौर पर हरियाणा से अधिक होगा। फिर हरियाणा के सीएम पंजाब में जाकर क्या बोलेंगे? इसलिए मुख्यमंत्री से मांग है कि प्रदेश के किसान व शुगर मिलों के अस्तित्व को देखते हुए गन्ने का भाव बढ़ाया जाए। 17 नवंबर को मिल के पेराई सीजन का शुभारंभ होगा, लेकिन इस बात पर अड़े हुए हैं कि मिल में गन्ने की सप्लाई नहीं होने दी जाएगी।

गन्ने के रेट के नाम पर सरकार ने किया किसानों के साथ भद्दा मजाक: रतन मान
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ग्रुप) के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने कहा कि गन्ने का रेट मौजूदा सीजन के लिए 430 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर सरकार ने किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। इस रेट में तो लेबर खर्च भी पूरा नहीं होता। खाद दवाइयों के रेट लगातार बढ़ रहे हैं। पेराई के लिए शुगर मिलों के पास भी गन्ना पर्याप्त नहीं है। यदि सरकार की मंशा ऐसी ही रही तो अगले सीजन में तो गन्ना बिल्कुल ही खत्म हो जाएगा। इसी मुद्दे को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलनरत है। नारायणगढ़, जींद, रोहतक सहित सभी शुगर मिलों पर मोर्चा से जुड़े किसान प्रदर्शन करेंगे। बातचीत के लिए सरकार को एक दिसंबर तक का समय दिया है। यदि समाधान नहीं निकला तो दो दिसंबर को प्रदेशभर के किसान सीएम के कुरुक्षेत्र आवास पर महापंचायत करेंगे। जिला प्रधान सुभाष गुर्जर व उप प्रधान यादवेंद्र कांबोज ने कहा कि किसान अपना हक मांग रहे हैं और इस हक को पाने के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

2

Back to top button