छत्तीसगढ़

मुंगेली में 42 लाख का कोयला लोड ट्रेलर चोरी..

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में कोयले से भरे 18 चक्का ट्रेलर की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी की सूचना मिलने के महज 7 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। GPS लोकेशन की मदद से पुलिस ने चोरी हुए ट्रेलर को मदकूद्वीप चौक के पास घेराबंदी कर बरामद किया। ट्रेलर और उसमें लोड कोयले समेत कुल 42 लाख 43 हजार 495 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, घटना सरगांव थाना क्षेत्र के पथरिया मोड़ की है। ट्रेलर क्रमांक CG 22 AJ 8016 में 38.650 टन कोयला लोड था। चालक रास्ते में चाय पीने के लिए ट्रेलर खड़ा कर गया था। कुछ देर बाद वापस लौटने पर ट्रेलर मौके से गायब मिला। इसके बाद चालक ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

GPS ट्रैकिंग से मिला चोरी के ट्रेलर का सुराग

शिकायत मिलते ही मुंगेली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने चोरी हुए ट्रेलर की GPS लोकेशन ट्रैक की और तकनीकी जानकारी के आधार पर मदकूद्वीप चौक के पास घेराबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस ने चोरी किया गया ट्रेलर कोयले समेत बरामद कर लिया।

भगतराम राजपूत गिरफ्तार, जेल भेजा गया

पुलिस ने मामले में लमती निवासी भगतराम राजपूत को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का 18 चक्का ट्रेलर और उसमें लोड 38.650 टन कोयला बरामद किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 42,43,495 रुपये बताई गई है।

BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई SSP भोजराम पटेल के निर्देशन में सरगांव पुलिस ने की। GPS तकनीक की मदद से महज 7 घंटे में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने ट्रेलर और उसमें लोड पूरा कोयला बरामद कर लिया।

Leave a Reply

2

Back to top button