रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 18 नवंबर को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में होगी। बैठक में कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। सबसे ज्यादा नजर समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक के प्रारूप पर रहेगी।
UCC विधेयक को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक के प्रारूप को मंजूरी देने के प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है। राज्य सरकार आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस विधेयक को पेश करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में 18 नवंबर की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, विधेयक को मंजूरी देने और विधानसभा में पेश करने का अंतिम निर्णय कैबिनेट के फैसले पर निर्भर करेगा।
धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना पर चर्चा
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और कृषक उन्नति योजना के क्रियान्वयन को लेकर सरकार महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार कर सकती है।
उद्योग और निवेश नीति में संशोधन की तैयारी
राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योग एवं निवेश नीति में संशोधन से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में रखे जा सकते हैं। इसके जरिए प्रदेश में नए निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा सकता है।
शीतकालीन सत्र से पहले अहम फैसलों पर नजर
आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए सरकार अन्य संशोधन विधेयकों और प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी मंथन कर सकती है। किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े विषय भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं।
फिलहाल 18 नवंबर को होने वाली इस कैबिनेट बैठक पर प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं। खासकर UCC विधेयक के प्रारूप को लेकर होने वाली चर्चा और संभावित फैसले को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।



