रायपुर, 14 नवंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है। इस मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने किया।
उद्घाटन के बाद श्रुति सिंह ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न विभागों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स और प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों और प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, सेवाओं और नवाचारों की जानकारी ली।
युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स के नवाचारों में दिखाई रुचि
रेजिडेंट कमिश्नर ने विशेष रूप से युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स द्वारा प्रस्तुत तकनीक आधारित उत्पादों, नए व्यावसायिक विचारों और नवाचारों में रुचि दिखाई। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों के प्रयासों और उनके उत्पादों की बाजार संभावनाओं पर भी चर्चा की।
छत्तीसगढ़ की कला और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान
छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की समृद्ध जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम की झलक भी देखने को मिल रही है।
यह पवेलियन राज्य के स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों, स्टार्टअप्स और उद्योगों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
व्यापार और निवेश की नई संभावनाओं को मिलेगा बढ़ावा
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की भागीदारी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और प्रदेश के उद्यमों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
इस पहल से व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग की नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है। साथ ही प्रदेश के कारीगरों, युवाओं और उद्यमियों को अपने उत्पादों और नवाचारों के प्रदर्शन के लिए एक बड़ा मंच मिल रहा है।



