छत्तीसगढ़

धमतरी में कल से शुरू होगी धान खरीदी, 108 उपार्जन केंद्र तैयार; पहले दिन 550 से अधिक किसान बेचेंगे उपज..

धमतरी। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू होने जा रहा है। इसके लिए धमतरी जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है। इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदी की तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से धान बेचने की व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। केंद्रों में व्यवस्थाओं को परखने के लिए 36 बिंदुओं की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार की गई थी, जिसके आधार पर आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों, तौल व्यवस्था, बारदानों और भंडारण की स्थिति का सत्यापन किया गया।

कम धान बेचने पर भी मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता

धान खरीदी से पहले राज्य सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इस फैसले से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों और जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

उपार्जन केंद्रों में पेयजल से लेकर तौल और भंडारण तक की व्यवस्था

जिले के सभी 108 खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर अथवा इन्वर्टर और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धान की पारदर्शी तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, कांटा-बांट, बायोमेट्रिक उपकरण और आर्द्रतामापी यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की गई है।

इसके अलावा पर्याप्त बारदाने, स्टेंसिल, रंग और सुतली की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कर्मचारी और हमालों की व्यवस्था भी की गई है। धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए चबूतरे, तारपोलिन, भंडारण स्थल और जल निकासी की व्यवस्था की गई है।

एफएक्यू मानकों और निगरानी पर विशेष जोर

धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों में समर्थन मूल्य की जानकारी, एफएक्यू यानी औसत अच्छी किस्म के गुणवत्ता मानकों और धान के नमूनों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही निगरानी समितियों की नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरों और किसान पंजीयन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी सत्यापन किया गया है।

आमदी केंद्र में 31,900 बारदाने उपलब्ध

धमतरी जिले के आमदी धान उपार्जन केंद्र में भी खरीदी की व्यापक तैयारी की गई है। यहां 2.6380 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र और 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट निर्धारित है। केंद्र में 30 हजार नए और 1,900 पीडीएस बारदानों सहित कुल 31,900 बारदाने उपलब्ध हैं। इसके अलावा पांच तारपोलिन, इन्वर्टर, पेयजल, जल निकासी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है।

आमदी केंद्र में कुल 1,318 किसान पंजीकृत हैं। वहीं, निकटतम संग्रहण केंद्र की दूरी 15 किलोमीटर बताई गई है। धान की सुरक्षा और भंडारण व्यय के लिए 1 लाख 67 हजार 580 रुपये की अग्रिम राशि प्राप्त होने की जानकारी भी चेकलिस्ट में दर्ज है।

कल से खरीदी केंद्रों में बढ़ेगी किसानों की चहल-पहल

15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने के साथ ही जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की आवाजाही बढ़ेगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पंजीकृत किसान बिना किसी परेशानी के निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी उपज बेच सके। इसके लिए तौल, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना, भंडारण और अन्य जरूरी सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

2

Back to top button