राज्य

किसानों के लिए खुशखबरी! मोरेल बांध से जल्द छोड़ा जाएगा पानी, 70 गांवों की 19 हजार हेक्टेयर जमीन को मिलेगा लाभ

लालसोट
 रबी फसल की बुवाई के बीच दौसा और सवाई माधोपुर जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। कांकरिया गांव स्थित मोरेल बांध की मुख्य और पूर्वी नहर में जल्द पानी छोड़ा जाएगा। इससे दोनों जिलों के 70 से अधिक गांवों के किसानों की 19 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता सुकलाल मीना ने बताया कि एशिया का सबसे बड़ा कच्चा बांध लगातार तीसरे साल पूरा भरा है। इस बार मानसून से पहले ही जयपुर की ओर से मोरेल नदी में आए प्रदूषित पानी के कारण जून में बांध लगभग भर गया था। 13 जुलाई से बांध की वेस्टवियर पर चादर चल रही है, जो करीब चार महीने से लगातार जारी है। नहरों में पानी छोड़ने के बाद चादर बंद होने की संभावना है।

19 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि की होगी सिंचाई
दोनों नहरों से 70 से अधिक गांवों की 19 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई होगी। उपलब्ध पानी से मुख्य नहर के कमांड क्षेत्र में करीब 47 दिन और पूर्वी नहर क्षेत्र में लगभग 41 दिन तक सिंचाई हो सकेगी। पूर्वी नहर का सिल लेवल मुख्य नहर से छह फीट ऊंचा है। मुख्य नहर जल संसाधन खंड सवाई माधोपुर और पूर्वी नहर जल संसाधन खंड दौसा के अधीन संचालित है।

अंतिम क्षोर तक पानी पहुंचाने की तैयारी
अधिशाषी अभियंता ने बताया कि रबी फसल के लिए इस बार दोनों नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाने का प्रयास रहेगा। नहरों की सफाई का काम जारी है, जिसे पानी छोड़ने से पहले पूरा कर लिया जाएगा।

जल वितरण समिति की बैठक आज
मोरेल बांध के सिंचित क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध करवाने तथा जल का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह 11 बजे जल वितरण समिति की बैठक सवाई माधोपुर में होगी। जल संसाधन खंड दौसा के अधिशाषी अभियंता मांगीलाल मीना ने बताया कि जिला कलक्टर सवाई माधोपुर की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार सवाई माधोपुर में आयोजित होने वाली बैठक में मोरेल बांध से सिंचाई जल वितरण की तिथियां एवं कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।

मोरेल बांध एक नजर में
निर्माण वर्ष – 1952
स्थान – कांकरिया गांव, लालसोट
नदी – मोरेल नदी
कुल लंबाई – 5364 मीटर
कुल भराव क्षमता – 2707 एमसीएफटी
लाइव स्टोरेज – 2496 एमसीएफटी
डेड स्टोरेज – 211 एमसीएफटी
मुख्य नहर से संभावित आपूर्ति – 47 दिन
पूर्वी नहर से संभावित आपूर्ति – 41 दिन

Leave a Reply

2

Back to top button