छत्तीसगढ़

पत्नी ने जल्दी चलने की बात पर जताई नाराजगी, पति ने पीट-पीटकर ले ली जान..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर पत्नी की जान ले ली और पुलिस को गुमराह करने के लिए नाले में गिरने से मौत होने की झूठी कहानी सुना दी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पंडो (35) ने 10 नवंबर को चौकी चेन्द्रा में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने से लगी अंदरूनी चोटों के कारण हुई है। उसने बताया था कि 9 नवंबर को वह पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की राशि की जानकारी लेने ग्राहक सेवा केंद्र गया था। वहां से लौटने के बाद दोनों ग्राम टोमो स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकले थे।

आरोपी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी का पैर फिसल गया और वह पत्थर पर गिर गई। इसके बाद वह पत्नी को नाले के पास एक मवेशी बाड़े में ले गया और आम के पेड़ के नीचे उसकी सिकाई करने लगा। उसने दावा किया कि रात करीब 11 बजे पत्नी की मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की पोल

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कराया और पोस्टमॉर्टम करवाया। जांच के दौरान गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि हाथ-मुक्कों और लातों से की गई बेरहमी से पिटाई के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी।

जल्दी चलने को कहने पर हुआ था विवाद

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि नाला पार करने के बाद उसने पत्नी को जल्दी चलने के लिए कहा था। इसी बात पर पत्नी नाराज हो गई और उसे अपशब्द कहने लगी। इससे गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने घटना को हादसा दिखाने के लिए झूठी कहानी रची।

पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद पंडो के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

2

Back to top button