छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा राज्योत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक..

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर दंतेवाड़ा के मेंडका डोबरा मैदान में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विकास कार्यों की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया।

राज्योत्सव का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया और इसके बाद प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं खुलीं।

सांसद महेश कश्यप ने बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गरीब परिवारों, किसानों और वनांचल के लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागी बनने का आह्वान किया।

विधायक चौतराम अटामी ने कहा कि प्रदेश की लोक संस्कृति, लोककला, तीज-त्योहार और परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने जिले में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं की शैक्षणिक उपलब्धियों पर बात रखी।

पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती और स्वच्छता दीदियों का सम्मान

कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों का भी सम्मान किया गया।

विभागीय प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रतिभा

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाईं। इनके माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हितग्राहियों को सामग्री वितरित की गई तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

2

Back to top button