सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सक्ती थाना क्षेत्र के पोरथा गांव के पास नेशनल हाईवे-49 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
एक बाइक पर सवार थे चार युवक
मिली जानकारी के अनुसार, चार युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर NH-49 के रास्ते सक्ती की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पोरथा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिर पड़े।
एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एक घायल की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



