रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। वहीं, तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक और सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
नहर में डूबने से युवक की मौत
जानकारी के मुताबिक, खैरपुर निवासी 20 वर्षीय दीपांशु गुप्ता, पिता कृष्ण कुमार गुप्ता, पेशे से ऑटो चालक था। विजयादशमी की शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ नहर के पास गया था। उसके दोस्त नहर में नहा रहे थे, जबकि दीपांशु किनारे पर खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। हालांकि, रात में अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा। बुधवार सुबह पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दीपांशु का शव बरामद कर लिया।
एक किलोमीटर दूर मिली दूसरी लाश
रेस्क्यू अभियान के दौरान कृष्णापुर के पास घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक और शव मिला। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। इस बरामदगी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। दूसरे शव की पहचान करने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात शव की पहचान के प्रयास जारी हैं।



