सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई गुरुवार रात डांडगांव में आयोजित दसईं करमा देखने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान उदयपुर थाना क्षेत्र के साल्ही मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान घाटबर्रा गांव निवासी मन्ना राम मझवार (21) और धन्ना राम मझवार (22) के रूप में हुई है। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों के शव उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
उदयपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस हाईवे के अन्य स्थानों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाई है।



