छत्तीसगढ़

CG News: 22-23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, जगदलपुर में मुरिया दरबार में होंगी शामिल..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित बस्तर दौरे को प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर बताया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी राष्ट्रपति से क्षेत्र के दौरे का आग्रह किया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया था। राष्ट्रपति के आगमन से बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और आदिवासी विरासत को विशेष महत्व मिलेगा।

नक्सल हिंसा प्रभावित लोगों को सहायता देने पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता मिले, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन आगे बढ़ा सकें।

छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इन आयोजनों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समावेशन और खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Back to top button