छत्तीसगढ़

CG News: सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश, PWD सचिव मुकेश बंसल ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण..

कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्ती दिखाई है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा जिले में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों के बीटी पैच मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

निरीक्षण के बाद सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और निर्माण में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

इन सड़कों का किया निरीक्षण

PWD सचिव ने कोरबा जिले में कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हरदीबाजार–तरदा–सर्वमंगला–इमलीछापर मार्ग का निरीक्षण किया। इसके अलावा ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क की प्रगति भी देखी।

इस सड़क की लंबाई 2.84 किलोमीटर है। सचिव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाकर सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, अधीक्षण अभियंता सुरेश भूपल और कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Back to top button