छत्तीसगढ़

शुक्रवार रात से लापता थे मां-बेटे, अलग-अलग जगहों पर मिले दोनों के शव..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जयनगर थाना क्षेत्र में एक स्कूल शिक्षिका और उनके 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, केशवनगर निवासी मां-बेटे शुक्रवार रात से लापता थे। इसके बाद दोनों के शव मिलने की खबर सामने आई। शिक्षिका का शव उनके घर में मिला, जबकि उनके किशोर बेटे का शव सड़क किनारे बरामद किया गया।

प्रारंभिक जांच में छात्र के शरीर पर धारदार हथियार से चोट लगने के गंभीर निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए दोहरे हत्याकांड की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर दोनों स्थानों पर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि किशोर का शव जयनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे और उसकी शिक्षिका मां का शव केशवनगर स्थित घर में मिला है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और राज्य मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के पति ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button