छत्तीसगढ़

NH-43 बना जानलेवा! सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ने ली दो भाइयों की जान..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। बतौली क्षेत्र के विशुनपुर चौक के पास सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर के पिछले हिस्से से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, लुंड्रा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह टकरीपानी निवासी अशोक कुमार नागेश (34) अपने चचेरे भाई संतोष नागेश के साथ सीतापुर में फॉल्स सीलिंग का काम करने गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान NH-43 पर विशुनपुर चौक के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई।
हादसे के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने संतोष नागेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अशोक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान अशोक की भी मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, NH-43 पर सड़क किनारे खड़े खराब वाहनों से लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों में ऐसे हादसों में चार बाइक सवार युवकों की जान जा चुकी है। सड़क पर खराब वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाने और पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Leave a Reply

Back to top button