छत्तीसगढ़

बिलासपुर सड़क हादसा: घायल बुजुर्ग ने तोड़ा दम, स्कूटी सवारों की तलाश जारी..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को स्कूटी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, नूतन चौक स्थित अटल आवास निवासी धांधू कुर्मी (65) शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे ऑटो से नूतन चौक पहुंचे थे। ऑटो से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक घायल बुजुर्ग की मदद करने के बजाय मौके से भाग गए। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, लेकिन कैमरा दूर होने और स्क्रीन पर रिफ्लेक्शन के कारण स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर स्कूटी तथा उस पर सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button