कवर्धा। जिले के नरोधी गांव से एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना में 26 वर्षीय लीला पाली गंभीर रूप से झुलस गईं। महिला ने अपने ससुर रूप सिंह पाली और सास कुंती पाली पर घटना को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, लेकिन नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हुई है। गंभीर रूप से झुलसी लीला का इलाज जारी है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद उन्हें न्याय के लिए लगातार पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महिला के दो छोटे बच्चे भी हैं।
लीला के मुताबिक, उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कबीरधाम एसपी को भी लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी नहीं होने के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि महिला के आरोप के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है और मामले की विवेचना जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। वहीं गंभीर रूप से झुलसी महिला द्वारा गिरफ्तारी को लेकर उठाए गए सवालों के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।



