बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 21 वर्षीय लॉ स्टूडेंट की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खाना बनाने को लेकर बड़ी बहन से हुई कहासुनी के बाद छात्रा ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के भटचौरा गांव की है। मृतका की पहचान सोनिया पुरैना (21) के रूप में हुई है। वह बलौदाबाजार जिले के एक लॉ कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी।
जानकारी के अनुसार, बड़ी बहन ने सोनिया से खाना बनाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद नाराज सोनिया ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया।
कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर सोनिया ने परिजनों को कीटनाशक पीने की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए मस्तूरी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
सिम्स में इलाज के दौरान सोनिया की हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।



