छत्तीसगढ़

धमतरी में दर्दनाक घटनाएं, 7 वर्षीय लक्ष्य और 14 वर्षीय तराना की मौत..

धमतरी। जिले में लगातार बारिश के बीच नालों और तेज बहाव वाले पानी में बहने से दो बच्चों की मौत हो गई। सोरिद वार्ड में लापता हुए 7 वर्षीय लक्ष्य साहू का शव तलाश अभियान के दौरान सोमवार शाम बरामद किया गया। वहीं, शनिवार से लापता 14 वर्षीय छात्रा तराना निषाद का शव मंगलवार को महानदी में परखंदा-सौंगा टापू के पास मिला।

जानकारी के अनुसार, मेघा निवासी तराना निषाद शनिवार को महानदी में आई बाढ़ देखने गई थी। इसी दौरान मातारानी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे बने नाले के तेज बहाव में वह बह गई। प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार तलाश की। मंगलवार को ग्रामीणों ने महानदी के टापू के पास शव देखा, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान तराना के रूप में की।

इससे पहले, सोरिद भरीपारा निवासी 7 वर्षीय लक्ष्य साहू रविवार शाम खेलते समय खुले नाले में गिरकर बह गया था। तलाश के दौरान सोमवार शाम करीब 5:30 बजे उसका शव पुल के चौथे पाइप में फंसा मिला। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर सुरक्षा इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई थी।

दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने खुले नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग, जाली, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका आरोप है कि बारिश के मौसम में कई संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। प्रशासन की ओर से इन घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर आगे की कार्रवाई की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Back to top button