बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रायपुर-बस्तर नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पुरूर थाना क्षेत्र के मरकटोला घाट में डीजे पिकअप और धान से लदे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीजे पिकअप के परखच्चे उड़ गए, जबकि धान से भरा ट्रक सड़क पर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, डीजे पिकअप में कुल 10 युवक सवार थे। हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 युवकों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस हादसे में 5 अन्य युवक घायल हुए हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सड़क पर बिखर गया धान
टक्कर के बाद धान की बोरियों से भरा ट्रक भी पलट गया। ट्रक में लदा धान सड़क पर बिखर गया, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बारिश और घाट का मोड़ बना चुनौती
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। बारिश के कारण अंधेरा और मरकटोला घाट का मोड़ सड़क पर वाहन चालकों के लिए चुनौती बना हुआ था। इसी दौरान पिकअप और ट्रक की भिड़ंत हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल युवकों का इलाज जारी है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था को संभालते हुए सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और बिखरे धान को हटाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



