रायपुर/नवा रायपुर। नवा रायपुर में महानदी भवन के पास बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मंत्रालय के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे, जो कार्यालय से अपने घर लौट रहे थे। आग लगते ही बस के अंदर धुआं भरने लगा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस महानदी भवन के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके इंजन और पीछे के हिस्से से तेज धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं बढ़ गया और बस में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख ड्राइवर ने बस रोकने की कोशिश की।
धुआं भरते ही कर्मचारियों में मची भगदड़
बस के अंदर तेजी से धुआं भरने के कारण कर्मचारियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। आग बढ़ती देख सभी कर्मचारी किसी तरह बस से बाहर निकलने लगे। बताया जा रहा है कि कुछ कर्मचारियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल बस में आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती तौर पर इंजन या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना राखी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आग लगने से बस को काफी नुकसान हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।



