सरगुजा। मैनपाट थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान वर्षा यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वर्षा यादव की शादी 1 मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही वर्षा को ससुराल में परेशान किया जा रहा था।
बताया गया कि 18 सितंबर को वर्षा ने अपने पिता उमेश यादव को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा था, जिसमें उसने अपनी जिंदगी को लेकर निराशा जताई थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान 22 सितंबर को वर्षा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
वर्षा के पिता ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी वर्षा ने पति द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात बताई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



