कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव के सीपत पारा में जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 23 वर्षीय युवक ने अपने 85 वर्षीय चाचा पर टांगिया से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बबन राम यादव (85) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23) के साथ पिछले कुछ समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान सोनू ने पास में रखी टांगिया उठाकर अपने चाचा के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बबन राम की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



