छत्तीसगढ़

सूरजपुर: स्कूल में तालाबंदी मामले में बाबू और भृत्य निलंबित, प्राचार्य-व्याख्याता पर भी कार्रवाई की तैयारी..

सूरजपुर। जिले के सिलफिली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों द्वारा तालाबंदी और विरोध-प्रदर्शन के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जांच के बाद सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी देवी प्रसाद और भृत्य पायल सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, स्कूल के प्राचार्य और एक व्याख्याता की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले स्कूल के छात्र अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर स्कूल में तालाबंदी कर विरोध-प्रदर्शन पर बैठ गए थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने स्कूल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई।

जांच के दौरान सहायक ग्रेड-3 देवी प्रसाद पर वेतन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप सामने आए। विभाग के अनुसार, उनकी कार्यप्रणाली के कारण अन्य कर्मचारियों को भी कई तरह की विसंगतियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा उनके नियमित रूप से स्कूल नहीं आने और शराब के नशे में स्कूल आने संबंधी शिकायतों की भी जांच की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने देवी प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

वहीं, तालाबंदी के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में भृत्य पायल सिंह पर भी कार्रवाई की गई है। उन्हें निलंबित कर चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के एक स्कूल में पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा स्कूल के प्राचार्य और एक व्याख्याता की भूमिका को लेकर भी उच्च अधिकारियों को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। दोनों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्कूल में हुए विवाद और छात्रों की शिकायतों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button