जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के फुलेता चौक पर गुरुवार देर रात सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की टक्कर के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार, रोहित नट बाइक से तमता की ओर से अपने घर फुलेता लौट रहा था। इसी दौरान फुलेता चौक के पास ट्रक क्रमांक CG 15 CW 3047 ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पत्थलगांव तहसीलदार प्रमोद पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। प्रशासन की ओर से मृतक के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फुलेता चौक अंबिकापुर, तमता और पत्थलगांव को जोड़ने वाला व्यस्त मार्ग है। यहां ट्रैफिक सिग्नल और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से चौक पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग की है।



