दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन इलाके में आपसी विवाद के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आसोगा गांव में 11 सितंबर की दोपहर दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय भूपेन्द्र टंडन और 35 वर्षीय कामता कोसरे के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान भूपेन्द्र ने कथित तौर पर पास में रखी सब्बल से कामता पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कामता को स्थानीय लोगों की मदद से पाटन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भूपेन्द्र टंडन को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई सब्बल भी बरामद कर जब्त कर ली है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, आसोगा गांव में विवाद की सूचना मिली थी। मामले में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



