रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में 21 वर्षीय MBBS छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहने वाले उसके दोस्त के कमरे में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्र की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी विनायक सैनी के रूप में हुई है। वह बालाजी मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को ही वह छुट्टी मनाकर वापस हॉस्टल लौटा था।
घटना के समय विनायक अपने दोस्त के कमरे में था। उसका दोस्त खाना खाने के लिए बाहर गया हुआ था। जब वह वापस कमरे में पहुंचा तो विनायक को बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से उसे बालाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हॉस्टल के कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को नशीली दवा, एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल और इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन दवाओं का छात्र की मौत से कोई संबंध था या नहीं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आत्महत्या समेत अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है।



