छत्तीसगढ़

कोरबा में पेट्रोल-डीजल टैंकर में भीषण आग, हाईवे पर मचा हड़कंप..

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते टैंकर आग की लपटों से घिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल लेकर वार्डफनगर की ओर जा रहा था। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड था। गुरसियां के पास चालक और कंडक्टर खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को दोबारा स्टार्ट किया गया, अचानक उसमें आग भड़क उठी।

आग लगते ही चालक और कंडक्टर ने तत्काल टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

विस्फोट की आशंका से खाली कराया गया इलाका

टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरा होने के कारण आग के दौरान विस्फोट की आशंका बनी हुई थी। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया गया। वहीं, हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पाया। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। टैंकर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टैंकर धू-धूकर जलता हुआ दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Back to top button