बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के घुटकु गांव में दो साल की मासूम बच्ची की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची के चाचा पर विवाद के दौरान उसे आग में झोंकने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी चाचा नितिन लोनीया अपने भाई सुधीर की पत्नी और उसकी दो साल की बेटी को राशन दुकान जाने की बात कहकर रायपुर ले गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोप है कि नितिन ने बच्ची को आग के हवाले कर दिया।
गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बच्ची के पिता और नाना ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोनी पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।



