भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई के सेक्टर-2 में बुधवार को गटर की सफाई के दौरान करीब 2 से 3 दिन का नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही भट्ठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2 में सड़क नंबर 11 और 12 के बीच गटर जाम होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत बीएसपी प्रबंधन से की थी। इसके बाद गटर की सफाई का काम शुरू किया गया।
सफाई के दौरान कर्मचारियों को गटर के अंदर नवजात दिखाई दिया। नवजात मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की मौजूदगी में नवजात को गटर से बाहर निकाला गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात को गटर में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। भट्ठी थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की जांच भी की जा सकती है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नवजात को गटर में छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



